अपनी इच्छाशक्ति को बढ़ाइए

‘जहाँ चाह वहाँ राह है’ यह एक पुरानी कहावत है, परंतु इसमें बड़ा बल है। मनुष्य की जैसी अच्छी-बुरी इच्छा होती है, वह उसी के अनुसार अपनी समस्त शक्तियों को लगा देता है और उसमें सफल होता है। मनुष्य की जैसी इच्छा होती है, वह वैसा ही बनता जाता है। कवि, लेखक, वक्ता, वकील, डॉक्टर, इंजीनियर आदि बनने की इच्छा रखने वाला, अपनी क्रियाओं को उसी दिशा में मोड़ देता है और अपनी सारी शक्तियों को एकाग्र करके उसमें लगा देता है, परिणामस्वरूप वह वही बन जाता है।
हमारा भविष्य हमारे अपने हाथों में है। उसको बनाने वाले हम स्वयं ही हैं। यही समय है, जब हमें अपने मार्ग का निश्चय कर लेना चाहिए, नहीं तो बाद में पछताना पड़ेगा। हम स्वयं अपने भविष्य को अंधकारमय बनाते हैं। इच्छाशक्ति  एक ऐसी वस्तु है, जो आसानी से हमारे स्वभाव में आ जाती है। इसलिए दृढ़ इच्छा करना सीखो और उस पर दृढ़ बने रहो। इस तरह से अपने अनिश्चित जीवन को निश्चित बना कर उन्नति का मार्ग प्रशस्त करो। मनुष्य को पिछड़ा हुआ और गिरी हुई परिस्थितियों में रखने वाली कोई वस्तु है, तो वह इच्छाशक्ति का अभाव है, जिसे हमें दूर करना है। यदि हमारी शक्तियाँ गुप्त पड़ी रहेंगी, तो हम दूसरों के लिए कुछ करने में कैसे समर्थ होंगे? पहले हमें अपनी इच्छाशक्ति बढ़ाना चाहिए, तभी हमें संतोष होगा कि यहाँ हम मुर्दो की तरह नहीं, बल्कि जिंदों की तरह जीवन व्यतीत कर रहे हैं।